नगर निगम की लचर व्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस का हालबोल… देंखे वीडियो
निगम नगर कार्यालय का घेराव

जबलपुर, यश भारत। शहर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और नगर निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि शहरवासी लंबे समय से जलभराव, पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संस्कारधानी की जनता नगर निगम की कार्यप्रणाली से बेहद नाराज है। लोगों से नियमित रूप से टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बदले उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। बरसात में शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जबकि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से लोगों को परेशान होना पड़ता है। वहीं शहर की सफाई व्यवस्था भी बदहाल हो चुकी है और कई इलाकों में समय पर कचरा नहीं उठने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम और जिला प्रशासन ने जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो पार्टी जनता के हित में इससे भी बड़ा आंदोलन करेगी।







