जलभराव में फंसी वैष्णो देवी जा रही बस, 55 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया
पठानकोट में बारिश बनी मुसीबत: बड़ा हादसा टला

पठानकोट। पंजाब के पठानकोट में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। सुजानपुर के पास पठानकोट-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल नंबर-3 के नीचे जलभराव में फंस गई एक टूरिस्ट बस से 55 श्रद्धालुओं को पंजाब पुलिस और सड़क सुरक्षा बल ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस देहरादून से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रही थी। बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण पुल नंबर-3 के नीचे भारी मात्रा में पानी भर गया था। स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एक लेन से यातायात संचालित करने की व्यवस्था की थी।
बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में बस चालक पानी की गहराई का सही अनुमान नहीं लगा सका। जैसे ही उसने बस को पुल के नीचे से निकालने की कोशिश की, वाहन गहरे पानी में जाकर बंद हो गया और सभी यात्री उसमें फंस गए।
बस चालक विनीत गुप्ता ने यात्रियों के साथ तुरंत पंजाब पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण शर्मा अपनी टीम और सड़क सुरक्षा बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। राहत दल ने तत्परता दिखाते हुए सभी 55 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बस से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद प्रशासन ने यात्रियों के ठहरने के लिए होटल की भी व्यवस्था की। पुलिस और राहत टीम की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।







