मानसून एक्टिव : कटनी में झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलभराव की आशंका, निचली बस्तियों पर नजर रख रहा नगर निगम

कटनी, यशभारत। शहर में मानसून एक्टिव मोड पर है। बारिश का दौर लगातार जारी है। सुबह लोगों की नींद खुली तो मौसम सुहावना होने के साथ बारिश ने दस्तक दे दी। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे से शुरू हुई बारिश चार घंटे बाद भी रुक रुककर जारी है, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनने लगी। उधर बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के चेहरे खिल उठे। शहर में भी लोगों को गर्मी से राहत मिली।
लगातार हो रही बारिश के कारण निचली बस्तियों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है। गायत्री नगर और मंगलनगर अंडरब्रिज में पानी भरना शुरू हो गया है। तेज बारिश हुई तो आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। वहीं मिशन चौक अंडरब्रिज में भी पानी जमा होने लगा है। दोपहर से जारी बारिश को देखते हुए नगर निगम और प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यदि वर्षा का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो शहर के अन्य निचले इलाकों में भी जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।
ये है कटनी में मौसम का हाल
शहर कटनी में अभी मौसम बादलों से घिरा है और तापमान लगभग 30°C है। दिन भर रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31°C और न्यूनतम 25°C रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कटनी जिले के लिए पीला अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में बिजली गिरने, तेज हवा तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
इस साल अब तक 75.4 फीसदी कम औसत वर्षा की गई रिकॉर्ड
जिले में 1 जून से 1 जुलाई तक कुल 44.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। विदित हो कि पिछले आलोच्य अवधि के दौरान जिले में 180.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान स्लीमनाबाद तहसील में रिकार्ड 286.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जबकि इस वर्ष जिले में इस अवधि के दौरान सबसे अधिक औसत वर्षा तहसील रीठी में दर्ज की गई है, जहाँ अब तक 80.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी है। अधीक्षक भू-अभिलेख मुन्ना लाल तिवारी ने बताया कि जिले में इस अवधि में कटनी तहसील में 49.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जबकि तहसील रीठी में 80.6 मिलीमीटर, बड़वारा तहसील में 12 मिलीमीटर, बरही तहसील में 54.8 मिलीमीटर और विजयराघवगढ़ तहसील में 67.4 मिलीमीटर, बहोरीबंद तहसील में कुल 30.2 मिलीमीटर एवं स्लीमनाबाद तहसील में 50.1मिलीमीटर तथा ढीमरखेड़ा तहसील में 9.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।








