साइबर ठगों ने 2 लाख 10 हजार निकाले, मोबाइल चोरी होने के बाद दिया वारदात को अंजाम

कटनी, यशभारत। बाकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराने और नई सिम जारी होने के बाद भी साइबर ठगों ने एक बैंक खाते से लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक तरफ पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा लगातार बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर सेफ क्लिक 2.0 साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तो वहीं इसके बाद भी जागरूकता के अभाव में साइयर फ्रॉड जैसी वारदातें घटित हो रही हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शंकर महतो का मोबाइल हाट बाजार के दौरान चोरी हो गया था। उन्होंने करीब एक घंटे के भीतर बाकल थाने में शिकायत दर्ज कराई और अगले दिन नई सिम भी ले ली। इसके बावजूद साइबर ठग चोरी हुए मोबाइल के जरिए उनके बैंक खाते तक पहुंच गए और अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर 2.10 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर लगातार निकासी के संदेश मिलने पर शंकर महतो बैंक पहुंचे, जहां ठगी का पता चला। उन्होंने इसकी सूचना बैंक प्रबंधन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और बाकल पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी भी बाकल थाने पहुंचीं और अधिकारियों से जानकारी ली।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बुजुर्ग से साइबर ठगी, खाते से उड़ाए 1.58 लाख
शहर में ऑनलाइन फ्रॉड के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से सामने आया है, जहां एक अज्ञात शातिर ठग ने एक बुजुर्ग को अपनी जालसाजी का शिकार बनाते हु उनके खाते से बड़ी रकम साफ कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी पीड़ित अशोक विश्वकर्मा पिता जगदीश विश्वकर्मा उम्र 63 वर्ष के बैंक खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी करते हुए कुल 158999 रुपये निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम कटने का पता चलते ही पीड़ित के होश उड़ गए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।







