कटनी

खिरहनी में आधुनिक विद्युत सब स्टेशन से भी नहीं मिली राहत, लो वोल्टेज और बिजली कटौती से हलाकान हजारों उपभोक्ता, कुठला में दो फीडरों से आपूर्ति, ट्रिपिंग और फाल्ट से क्षेत्र में अंधकार

कटनी, यशभारत। उपनगरीय क्षेत्र खिरहनी में करीब तीन करोड़ रूपए की लागत से बने 33/11 केवी सब स्टेशन से भी उपभोक्ताओं को राहत नसीब नहीं हुई है। लो वोल्टेज और बार-बार बिजली की कटौती से हजारों उपभोक्ता परेशान है। ऐसा कोई दिन नहीं जाता, तब शाम से लेकर रात तक और रात से लेकर सुबह तक कईयों बार बिजली की ट्रिपिंग नहीं हुई हो। कुछ ऐसा ही हाल पहरूआ फीडर के अंतर्गत आने वाले कुठला इलाके का है। कुठला क्षेत्र का आधा इलाका सिटी-6 और आधा कन्हवारा फीडर से जुड़ा हुआ है। सिटी-6 में तो बिजली की समस्या कम है लेकिन कन्हवारा फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली की समस्या कुछ ज्यादा है। यहां एक बार यदि ट्रिपिंग या फाल्ट हुआ तो सुधारने में ही घंटों लग जाते हैं। बिजली विभाग का दावा है कि शिकायतों का त्वरित गति से समाधान किया जाता है। जानकारी के अनुसार बिजली विभाग द्वारा खिरहनी क्षेत्र में 33/11 केवी क्षमता का नया सब स्टेशन तैयार किया गया है। इसकी क्षमता 5 एमवीए रखी गई है। तीन करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह परियोजना शहर की बढ़ती आबादी और बिजली की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए बनाई गई थी हालांकि यह परियोजना एक वर्ष पहले पूरी होनी थी लेकिन जमीन आवंटन में देरी और कुछ तकनीकी अड़चनों के कारण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका।
विभाग का दावा – खत्म होगी ट्रिपिंग की समस्या
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नए सब स्टेशन के शुरू होते ही वर्तमान बिजली व्यवस्था को तीन अलग-अलग फीडरों में विभाजित किया गया है, इनमें खिरहनी फीडर, एनकेजे फीडर और राहुल बाग फीडर शामिल हैं। इससे बिजली लोड का संतुलन बेहतर करने का दावा किया गया है और ओवरलोडिंग के कारण होने वाली ट्रिपिंग व ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं में कमी आने की बात कही गई है। विभागीय अधिकारियों ने कहा था कि नए सब स्टेशन के शुरू होने से दुबे कॉलोनी, दुर्गा चौक, तिलक कॉलेज क्षेत्र, रोशन नगर, गोपाल नगर, साईंपुरम तथा जुहला-जुहली क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलना था। इन क्षेत्रों में लंबे समय से लो वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
इलाके में लो-वोल्टेज की समस्या अधिक
सब स्टेशन के निर्माण से उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने के साथ-साथ फाल्ट सुधार में भी तेजी आएगी। इलाके में लो-वोल्टेज की समस्या अधिक थी। वह समाप्त हो जाएगी। किसी एक क्षेत्र में खराबी आने पर पूरे इलाके की बिजली बंद करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे उपभोक्ताओं को कम परेशानी होगी। साथ ही बिजली कंपनी को लाइन संधारण और तकनीकी कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।
इनका कहना है
खिरहनी में 33/11 केवी का 5 एमवीए क्षमता वाला विद्युत सब स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। टेस्टिंग के बाद चालू किया गया है। इससे लगभग 23 हजार उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। ट्रिपिंग और फाल्ट की शिकायत आने पर तत्काल सुधार कराया जाता है।
-मुकेश महोबे, शहर अभियंता, विद्युत विभाग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button