भोपालमध्य प्रदेश

एशिया कप के पदक विजेता खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री ने किया सम्मान

Chief Minister honors Asia Cup medal-winning athletes.

एशिया कप के पदक विजेता खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री ने किया सम्मान

भोपाल, यश भारत । अंडर-18 पुरुष एवं महिला हॉकी एशिया कप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने अपने निवास पर खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि भारतीय हॉकी में मध्यप्रदेश की मजबूत होती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश फिर से देश का अग्रणी हॉकी राज्य बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई खिलाड़ी सामान्य परिवारों से आते हैं, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और प्रोत्साहन राशि के माध्यम से हरसंभव सहयोग दे रही है और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण और महिला टीम ने कांस्य पदक जीता। पुरुष टीम में मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी, भोपाल के छह खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि महिला टीम में ग्वालियर अकादमी की चार खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। सिवनी की नौसीन नाज पूरे टूर्नामेंट में 12 गोल कर टॉप स्कोरर रहीं, वहीं जबलपुर के आयुष रजक को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। राज्य सरकार ने स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को तीन-तीन लाख और कांस्य विजेताओं को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button