देश

सियासी संतुलन में कटनी को मिला महत्व, आधा दर्जन नेता प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, संदीप पहले ही बन चुके प्रदेश प्रवक्ता

कटनी, यशभारत। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति में कटनी जिले की राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े अनेक नेताओं को स्थान मिला है। विशेष आमंत्रित, आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित की तीन श्रेणियों में शामिल इन नेताओं को महत्व देकर पार्टी ने आगामी नगरीय निकाय और 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिहाज से फील्डिंग जमाने की कोशिश की है। मुड़वारा के विधायक संदीप जायसवाल को पहले ही प्रदेश प्रवक्ता बनाकर अहम जिम्मेदारी दी जा चुकी है। इस तरह हालिया नियुक्तियों में देखा जाए तो मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल को प्रदेश में महत्वपूर्ण पद के साथ कटनी जिले की सियासत में सक्रिय आधा दर्जन से ज्यादा नेताओं को सदस्य के रूप में शामिल कर भाजपा नेतृत्व ने कटनी के महत्व को रेखांकित किया है।

हाल ही में जारी हुई 106 सदस्यीय प्रदेश कार्यसमिति में पार्टी ने सांसद के तौर पर वीडी शर्मा और हिमाद्रि सिंह को जगह दी है। शर्मा कटनी के तीन विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर बनने वाले खजुराहो संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं,जबकि हिमाद्री सिंह जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर बनने वाले शहडोल संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। पार्टी ने जबलपुर संभाग के प्रभारी राहुल कोठारी, कटनी जिले के प्रभारी सुजीत जैन, रीवा जिले के संगठन प्रभारी पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव और मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्याम निषाद को भी विशेष आमंत्रित सदस्य के बतौर स्थान दिया है। पार्टी में लंबे समय से कार्य कर रही पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री अलका जैन को प्रदेश कार्यसमिति में स्थान देकर न केवल कटनी का महत्व बढ़ाया गया बल्कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की अपनी सोच को भी पार्टी ने कटनी जिले में धरातल पर उतारा। जाहिर है जिले की सियासत से जुड़े इतने सारे नामों को अलग अलग रूप से शामिल करने के पीछे प्रदेश नेतृत्व की सोच राजनीतिक संतुलन साधने के साथ आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर भी होगी। भाजपा के एक प्रदेश पदाधिकारी ने यशभारत से बातचीत में कहा कि प्रदेश नेतृत्व महाकौशल, विंध्य और बुंदेलखंड पर खास निगाह रख रहा है। प्रदेश की सरकार में अभी कटनी जिले से कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं है, आने वाले दिनों में जब मंत्रिमंडल विस्तार होगा ऐसे में हो सकता है उन जिलों को महत्व मिले जहां से अभी कोई मंत्री नहीं है। पार्टी ने कुछ दिनों पहले राजनीतिक सूझबूझ के साथ विकास कार्यों की गहरी समझ रखने वाले मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल को प्रदेश प्रवक्ता के महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपकर यही संदेश देने की कोशिश की थी कि पार्टी की नजर हर कर्मठ कार्यकर्ता और नेता पर है। प्रवक्ता का पद पार्टी का चेहरा होता है, क्योंकि पार्टी की रीति नीति और कार्यक्रमों को मीडिया के जरिए आम जनता तक ले जाने की जिम्मेदारी प्रदेश प्रवक्ता की होती है। इस महत्वपूर्ण काम के लिए पार्टी ने कटनी के विधायक को चुना।

इनका समर्पण आया काम

पार्टी सूत्रों का कहना है कि पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री अलका जैन की वरिष्ठता, संगठन के प्रति उनका समर्पण और महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की सोच के तहत प्रदेश कार्यसमिति में उन्हें शामिल किया गया। वे मुड़वारा क्षेत्र से विधायक रहने के दौरान राजमंत्री बनी और विकास के अनेक कार्य किए। पार्टी ने उन्हें दो बार कटनी नगर निगम के महापौर पद का भी प्रत्याशी बनाया। हालांकि दोनों बार उन्हें सफलता नहीं मिली, बावजूद इसके वे पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रही। पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव को भी जब जब पार्टी ने जो काम दिया, उसे उन्होंने पूरे समर्पण भाव से पूरा किया। संघ की पृष्ठभूमि से राजनीति की शुरुआत करने वाले शशांक ने कटनी में मेयर रहते विकास के अनेक कार्य किए। उन्होंने महाराष्ट्र बैंक का बोर्ड मेंबर भी बनाया गया। वे पिछले अनेक वर्षों से रीवा जिले के संगठन प्रभारी का दायित्व भी देख रहे है। इन नियुक्तियों में श्याम निषाद का नाम अवश्य चौंकाने वाला है। मछुआरा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक होने के नाते उन्हें प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य का दर्जा हासिल हो गया।IMG 20260625 WA0965

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button