फाईनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने किया 28 लाख का गबन, भारत फाइनेंस कंपनी उमरियापान का मामला, मैनेजर की शिकायत पर दो कर्मचारियों पर मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। उमरियापान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आर्थिक अपराध का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि भारत फाइनेंस इनक्लूजन लिमिटेड कंपनी की स्थानीय शाखा में कार्यरत दो कर्मचारियों ने कंपनी के साथ विश्वासघात करते हुए लाखों रुपये का गबन कर लिया। आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर कंपनी की एक बड़ी रकम को खुद के उपभोग में उड़ा दिया। ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला भारत फाइनेंस इनक्लूजन लिमिटेड कंपनी की उमरियापान ब्रांच का है। कंपनी के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर राजेश कुमार पटेल निवासी बलदेव बाग जबलपुर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि कंपनी में कार्यरत दो फील्ड कर्मचारियों ने मिलकर वित्तीय हेराफेरी को अंजाम दिया है। आरोपियों ने ग्राहकों से कलेक्शन की गई राशि और कंपनी के खातों में हेरफेर करते हुए 27 लाख 88 हजार 276 रुपये की भारी भरकम राशि का गबन कर लिया और उस पैसे को स्वयं के उपयोग में ले लिया। मामले में पुलिस ने जिन दो आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है, उनमे मुन्ना राजपाली पिता बाबूलाल राजपाली निवासी नयाखेड़ा थाना मढिय़ा तहसील हटा जिला दमोह एवं दीपक कुमार कोल पिता राजेश कोल निवासी पानी टंकी के पास खम्हरिया थाना खमरिया, जिला जबलपुर शामिल है और यहां कंपनी में फील्ड या अन्य स्टाफ के रूप में कार्यरत थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस धोखाधड़ी की शुरुआत 27 मार्च 2025 से ही चल रही थी। कंपनी के आंतरिक ऑडिट और जांच के बाद जब गबन की पुष्टि हुई, तब जाकर पुलिस में लिखित शिकायत की गई। उमरियापान पुलिस ने 24 जून को मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।





