भोपालमध्य प्रदेश

नीट परीक्षा में गड़बड़ी रोकने हाई अलर्ट, छात्रों के लिए स्पेशल ट्रेनें भी तैयार – हर केंद्र पर रहेगी जैमर की निगरानी, पुलिस रहेगी तैनात

नीट परीक्षा में गड़बड़ी रोकने हाई अलर्ट, छात्रों के लिए स्पेशल ट्रेनें भी तैयार – हर केंद्र पर रहेगी जैमर की निगरानी, पुलिस रहेगी तैनात

भोपाल, यश भारत। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए होने वाली देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 को लेकर मध्यप्रदेश में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। हाल के वर्षों में परीक्षा से जुड़े विवादों और अनियमितताओं को देखते हुए इस बार प्रशासन किसी भी प्रकार की चूक नहीं चाहता। यही वजह है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के अभूतपूर्व इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और जैमर की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की नकल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग या पेपर लीक जैसी आशंकाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

21 जून को होने वाली परीक्षा में भोपाल के 13774 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए शहर में 32 केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को समय की सही जानकारी मिल सके, इसके लिए प्रत्येक केंद्र के बाहर बड़ी डिजिटल या दीवार घड़ी लगाने की भी व्यवस्था की जा रही है।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने की संभावना है। छिंदवाड़ा में 4,303, गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 छात्र परीक्षा देंगे। ऐसे में जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

इधर, परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की यात्रा को आसान बनाने के लिए रेलवे ने भी विशेष तैयारियां की हैं। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आवागमन को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने कुछ मार्गों पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों में स्लीपर, सेकंड क्लास और जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन ट्रेनों की बुकिंग 19 जून से शुरू कर दी गई है और टिकट आरक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार भोपाल-रतलाम, इंदौर-भोपाल तथा महू-बांद्रा टर्मिनस मार्ग पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीहोर, शुजालपुर, रतलाम सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे दूरदराज के छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

जानें स्पेशल ट्रेनों का टाइम-टेबल

महू-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन
– ट्रेन क्रमांक 09352 महू-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 19 जून की रात 11 बजे महू स्टेशन से रवाना होगी, जो अगले दिन 20 जून को दोपहर 3.40 बजे बांद्रा टर्मिनस स्टेशन पहुंचेगी।

महू-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन
– ट्रेन क्रमांक 09351 बांद्रा टर्मिनस-महू स्पेशल ट्रेन 20 जून की शाम 6.20 बजे बांद्रा टर्मिनस स्टेशन से रवाना होगी, जो अगले दिन 21 जून को सुबह 11.30 बजे महू स्टेशन पर पहुंचेगी।

भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन
– ट्रेन क्रमांक 09353 भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन 20 जून की शाम 7.40 बजे भोपाल स्टेशन से रवाना होगी, जो देररात 12.55 बजे रतलाम स्टेशन पर पहुंचेगी।

इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन
– ट्रेन क्रमांक 09354 इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन 20 जून को सुबह 11.25 बजे इंदौर स्टेशन से रवाना होगी, जो शाम 7 बजे भोपाल स्टेशन पर पहुंचेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button