बड़वारा में बस्ती के अंदर चल रही दारू की भट्टी, आए दिन हो रहा विवाद, अपराधिक घटनाओं में इजाफा, मिशन शोषितों की आवाज संगठन ने की हटाने की मांग

कटनी, यशभारत। मिशन शोषितों की आवाज संगठन के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही शराब की बिक्री और भारी वाहनों के कारण होने वाले हादसों को लेकर सडक़ पर उतरकर आंदोलन करते हुए मुख्य मार्ग पर चकाजाम कर दिया। आंदोलन के चलते सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। संगठन के प्रमुख पदाधिकारी जय सूर्यवंशी ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए बड़वारा बस्ती से दारू भट्टा को तुरंत हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बड़वारा बस्ती के भीतर संचालित हो रही इस दारू भट्टी के कारण क्षेत्र में आए दिन विवाद और आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। शर्मनाक बात यह है कि शराब पीकर हुड़दंग करने वाले लोग स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। बेटियों का सुरक्षित निकलना मुश्किल हो गया है। चकाजाम के दौरान भारी वाहनों की वजह से होने वाली मौतों और हादसों पर भी गहरा आक्रोश जताया गया। आंदोलनकारियों ने मांग की कि नो एंट्री नियमों को धरातल पर कड़ाई से लागू किया जाए। बड़वारा क्षेत्र में नो एंट्री के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर नागेन्द्र अहिरवार, अनुज, धनेंद्र, हिमांशु, पीतम, खिलावन, वीरू, छोटे लाल, करन, पंकज, रमन, शुभम, मनोज, कमलेश और देवकरण की मौजूदगी रही। चकाजाम की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन और उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद चकाजाम को समाप्त किया गया।







