मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा: पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए यात्री, 6 से अधिक की मौत

मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा: पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए यात्री, 6 से अधिक की मौत
रविवार को हुआ हादसा, घटना के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी, रेलवे और पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद
भोपाल,यश भारत। मध्य प्रदेश के मुरैना में रविवार को एक बड़ा और बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया। यहां पटालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से छह से अधिक लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके सहित रेलवे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के साथ रेलवे सुरक्षा बल और शासकीय रेलवे पुलिस की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद घबराए यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इसी दौरान दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में कई यात्री आ गए। यह हादसा हेतमपुर स्टेशन के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह से अधिक यात्रियों की घटनास्थल पर ही सांसे थम गईं। स्थानीय नागरिकों की मदद से प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए।
हादसे की खबर मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके की ओर रवाना हो गए हैं। फिलहाल पुलिस और जीआरपी की टीम मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त करने की कोशिशों में जुटी है, ताकि उनके परिजनों को जल्द से जल्द सूचित किया जा सके। इसके साथ ही यदि कोई अन्य यात्री घायल हुआ है, तो उसे तत्काल नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।







