करमेता बस्ती बमबाजी कांड: दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सौरभ यादव सहित अन्य की तलाश जारी
रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर किया था हमला

जबलपुर, यशभारत। माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत करमेता बस्ती में दिनदहाड़े हुई बमबाजी की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सौरभ यादव सहित अन्य फरार बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, आदतन अपराधी सौरभ यादव ने करमेता निवासी सुमित चौबे से करीब एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर सौरभ यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुमित चौबे के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान करीब 8 से 10 बदमाशों ने घर के बाहर बम फेंककर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस वारदात में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लगातार हुए धमाकों से स्थानीय लोग भयभीत हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। माढ़ोताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरभ यादव के दो कथित साथियों दीपक रजक और आजाद बेन को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उन्होंने कान पकड़कर सार्वजनिक रूप से “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” कहते हुए माफी मांगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में रंगदारी नहीं मिलने पर दहशत फैलाने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। मामले में मुख्य आरोपी सौरभ यादव एवं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।







