भोपालमध्य प्रदेश

पद वृद्धि की मांग को लेकर 15 जून को भोपाल में शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का विशाल आंदोलन वर्ग 2 और वर्ग 3 भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, प्रदेशभर से हजारों अभ्यर्थियों के पहुंचने की तैयारी

पद वृद्धि की मांग को लेकर 15 जून को भोपाल में शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का विशाल आंदोलन

वर्ग 2 और वर्ग 3 भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, प्रदेशभर से हजारों अभ्यर्थियों के पहुंचने की तैयारी

भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग 2 माध्यमिक शिक्षक एवं वर्ग 3 प्राथमिक शिक्षक अभ्यर्थियों ने भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर 15 जून 2026 को राजधानी भोपाल में विशाल आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने की घोषणा की है। अभ्यर्थियों का दावा है कि प्रदेशभर से हजारों की संख्या में उम्मीदवार आंदोलन में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंचेंगे। अभ्यर्थियों का कहना है कि दोनों भर्तियों में घोषित पदों की संख्या आवश्यकता की तुलना में काफी कम है जिससे बड़ी संख्या में पात्र एवं योग्य उम्मीदवार चयन प्रक्रिया से बाहर रह गए हैं। इसी मांग को लेकर अभ्यर्थी पूर्व में भी कई चरणों में धरना प्रदर्शन और आंदोलन कर चुके हैं। अभ्यर्थियों के अनुसार 17 नवंबर 2025 से लेकर मई 2026 तक विभिन्न तिथियों पर भोपाल में कई बार प्रदर्शन धरना भूख हड़ताल तथा विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों से विरोध दर्ज कराया लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि 17 अप्रैल को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचे प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया तथा कुछ अभ्यर्थियों को चोटें भी आईं। अभ्यर्थियों ने महिला उम्मीदवारों के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में शिक्षकों के हजारों पद रिक्त हैं। उनका दावा है कि विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में शिक्षक पद खाली हैं और कई विद्यालय सीमित शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहे हैं। ऐसे में रिक्त पदों के अनुरूप भर्ती में पद वृद्धि किए जाने से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और योग्य युवाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त होगा।अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में माध्यमिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाकर न्यूनतम 10 हजार करना प्राथमिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाकर 25 हजार करना तथा विशेष शिक्षक पदों के लिए अलग भर्ती प्रक्रिया शुरू करना शामिल है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 15 जून से प्रस्तावित आंदोलन व्यापक और लंबे समय तक चलने वाला स्वरूप ले सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button