नालों की सफाई में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

नालों की सफाई में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार
भोपाल, यश भारत। मानसून से पूर्व जलभराव और बाढ़ जैसी संभावित समस्याओं से निपटने के लिए सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग रविवार सुबह स्वयं निरीक्षण के लिए मैदान में उतरे। उन्होंने नरेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नाले-नालियों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने प्रभात चौराहा, महामाई की पुलिया, द्वारका नगर, भानपुर खंती सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पातरा नाले में मिट्टी और गाद जमा होने की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों और जल निकासी मार्गों की पूरी तरह सफाई की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि नागरिकों को बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से बचाने के लिए प्रशासन को पूरी तैयारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और सफाई कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।







