नगर निगम का ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर शुरू, बच्चों की प्रतिभा को मिला नया मंच
होनहार प्रतिभाओं को लैपटॉप प्रदान कर की हौसला अफजाई, पहली बार शासकीय विद्यालयों में समर कैंप का आयोजन

नगर निगम का ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर शुरू, बच्चों की प्रतिभा को मिला नया मंच
होनहार प्रतिभाओं को लैपटॉप प्रदान कर की हौसला अफजाई, पहली बार शासकीय विद्यालयों में समर कैंप का आयोजन

कटनी (यशभारत)। नगर पालिक निगम द्वारा संचालित शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर का शुभारंभ आज मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। यह शिविर 15 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को खेल, कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर महापौर प्रीति सूरी, निगमायुक्त तपस्या परिहार, एमआईसी सदस्य ओमी अहिरवार, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद ऋचा गेलानी, रेखा अंजू तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ साधुराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया, जबकि समापन के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 15 जून को किया जाएगा।
इस बार का विशेष आकर्षण यह रहा कि नगर निगम द्वारा पहली बार अपने शासकीय विद्यालयों में समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। अब तक इस प्रकार की गतिविधियां अधिकतर निजी विद्यालयों तक सीमित थीं, लेकिन निगमायुक्त तपस्या परिहार के विशेष प्रयासों से यह पहल शासकीय विद्यालयों तक पहुंची है, जिससे विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके।
शिविर के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। साधुराम उ.मा. विद्यालय में वॉलीबॉल, क्रिकेट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, स्केटिंग एवं कबड्डी, के.सी.एस. उ.मा. विद्यालय में कुकिंग, सेल्फ डिफेंस, पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा शतरंज, जबकि ए. रविंद्रराव उ.मा. विद्यालय में गायन, हारमोनियम, तबला वादन, कथक नृत्य, वेस्टर्न डांस एवं इलेक्ट्रॉनिक ड्रम जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान दो होनहार विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें आकाश निषाद (पिता शिवबली निषाद), जिन्होंने कक्षा 10वीं में 90.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, तथा सानिमा सिंह (पिता पूरन सिंह), जिन्होंने 90.2 प्रतिशत अंक हासिल किए, शामिल रहीं। इस सम्मान से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि यह शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मकता को बढ़ाते हैं तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करते हैं।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास और उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारना भी है। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को समान अवसर देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की यह एक सार्थक पहल है।
इसी अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें महापौर, निगमायुक्त सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शिविर के सफल संचालन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया है तथा खेल मैदान, प्रशिक्षक, खेल सामग्री, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।







