जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, एसपी सम्पत उपाध्याय ने सुनीं 75 शिकायतें; त्वरित निराकरण के निर्देश

जबलपुर। आम जनता की समस्याओं के सीधे और त्वरित निराकरण के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने स्वयं मौजूद रहकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को विस्तार से सुना और संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पारिवारिक और जमीन विवाद की रही भरमार

आज की जनसुनवाई में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सबसे अधिक मामले पति-पत्नी के बीच विवाद, पारिवारिक कलह, जमीन संबंधी झगड़े, मारपीट और बढ़ते साइबर अपराधों से जुड़े रहे। एसपी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी, सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा और डीएसपी ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने मौके पर ही कई शिकायतों के तकनीकी पहलुओं को समझा और मैदानी अधिकारियों को फोन पर ही जरूरी निर्देश दिए।

थानों और चौकियों में भी सुनी गई जन समस्याएं

पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के पालन में केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी कार्यालयों, शहर व देहात के थानों और चौकियों में भी जनसुनवाई आयोजित की गई। इसका उद्देश्य उन ग्रामीणों की मदद करना था जो शहर तक नहीं आ सकते। थाना प्रभारियों को स्पष्ट किया गया है कि जनसुनवाई में आए आवेदनों को लंबित न रखकर त्वरित निराकरण किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button