पेसा मोबिलाइजरों की सेवा बहाली की मांग तेज मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सेवा समाप्ति आदेश निरस्त करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

पेसा मोबिलाइजरों की सेवा बहाली की मांग तेज
मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सेवा समाप्ति आदेश निरस्त करने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहजहानाबाद नीलम पार्क में पंचायत पेसा मोबिलाइजर कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश ने जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत पेसा मोबिलाइजरों को सेवा से मुक्त किए जाने के आदेश का कड़ा विरोध किया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कुमार कुड़ापे के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर भोपाल के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर पंचायत राज संचालनालय के आदेश क्रमांक 8448 दिनांक 18 मई 2026 को तत्काल निरस्त करने तथा कर्मचारियों की सेवाएं बहाल करने की मांग की गई। संघ का कहना है कि उक्त आदेश के तहत प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत पेसा मोबिलाइजरों को सेवा से पृथक कर दिया गया है। इसे एकतरफा अमानवीय तथा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध बताते हुए कर्मचारियों ने गहरी नाराजगी जताई है। ज्ञापन में बताया गया कि पेसा मोबिलाइजर वर्षों से जनजातीय क्षेत्रों में पेसा कानून के प्रचार प्रसार ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने विभिन्न समितियों के गठन योजनाओं के समन्वय और वित्तीय प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा वे ग्रामीण स्तर पर विवाद निपटारा तेंदूपत्ता संग्रहण मादक पदार्थ नियंत्रण शराबबंदी तथा शासन की योजनाओं और अधिकारों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य भी कर रहे हैं। संघ ने प्रदेश के सभी जनजातीय जिलों में सेवा से हटाए गए पेसा मोबिलाइजरों की तत्काल सेवा बहाली की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।







