पुलिस की बड़ी कार्रवाई : गांजा की बड़ी खेप के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

दमोह। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोहटा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18 किलो 520 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 77 हजार 800 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के विक्रय एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 को नोहटा थाना पुलिस को ग्राम घाट बम्होरी क्षेत्र में गांजा तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की पुष्टि के बाद एसडीओपी तेंदूखेड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर ग्राम घाट बम्होरी में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 18 किलो 520 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
कृष्णचंद्र धल (56 वर्ष), निवासी युवराजपुर, थाना सुबलया, जिला सुबरनपुर, उड़ीसा
लता साहू (23 वर्ष), निवासी मधुपुर, थाना रेखाखोल, जिला संबलपुर, उड़ीसा
शांति लता प्रधान (21 वर्ष), निवासी बनियाबंधा, थाना रेखाखोल, जिला संबलपुर, उड़ीसा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







