ऑपरेशन शिकंजा : शराब माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने पुलिस का एक्शन, 113 अंग्रेजी, 94 लीटर कच्ची शराब बरामद

कटनी, यशभारत। अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के कारोबार में संलिप्त अपराधियों पर कटनी पुलिस ने ऑपरेशन शिकंजा अभियान चलाया।कार्यवाही के दौरान 64 शराब माफियाओं पर आबकारी एक्ट की धाराओं में 64 अपराध दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक कटनी द्वारा शराब माफियाओं के नेटवर्क को जिले से उखाड़ने हेतु ऑपरेशन शिकंजा का अभियान चलाया जा रहा है। जिसकी तहत कटनी पुलिस द्वारा अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्यवाही का उद्देश्य कटनी जिले में नशे के कारोबार पर पूर्णतया प्रतिबंध एवं नशे को जड़ से उखाड़ने हेतु संलिप्त कारोबारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करना है। ऑपरेशन शिकंजा के तहत पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में कटनी जिले के समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों, समस्त थाना प्रभारियों, एवं उनकी टीमों द्वारा एक साथ संपूर्ण जिले में रेड कार्यवाही को अंजाम दिया गया। जिसमें कार्यवाही के दौरान 64 व्यक्तियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए 64 प्रकरण दर्ज किए गए आरोपियों से कुल 113.31 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी शराब, 94 लीटर कच्ची शराब कुल 207.31 लीटर बरामद की गई। जप्त अवैध शराब की कीमत 78950 ₹ आकी गई। कटनी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या विक्रय की सूचना हो, तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7587615946 पर सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।







