जमीन में अधिपत्य को लेकर भिड़े क्रशर संचालक, बरही के जाजागढ़-ददरा में तनाव, महालक्ष्मी मिनरल्स और अवस्थी क्रशर प्लांट का मामला, सीमांकन के बाद साफ होगी स्थिति जमीन का टुकड़ा किसका

कटनी/बरही, यशभारत। जिस जमीन के टुकड़े में 2 पार्टनर ने एक साथ काम किया, आलम यह था कि दोनों में चोली दामन का सम्बंध था, आज वही पार्टनर उसी भूभाग में अधिपत्य को लेकर आमने सामने हैं। यहां यही कहावत चरितार्थ हो रही है कि विवाद की मुख्य वजह जड़ जमीन और जोरू है और यहां भी जमीन को लेकर 2 मित्र विवाद पर उतारू है। जमीन के टुकड़े में अधिपत्य को लेकर सोमवार की रात विवाद इतना बढ़ा कि कैमोर, विजयराघवगढ़, मोहनटोला से वाहनों का काफिला जाजागढ़ पहुंच गया, जहां उपजे तनाव को शांत कराने टीआई को मोर्चा संभलना पड़ा। देर रात तक मौके पर मजमा लगा रहा। यह विवाद महालक्ष्मी मिनरल्स एन्ड माइंस और अवस्थी क्रशर प्लांट ग्रुप के बीच हुआ। बरही थाना क्षेत्र के ग्राम जाजागढ़ ददरा में संचालित महालक्ष्मी मिनरल्स एन्ड माइंस और अवस्थी क्रशर प्लांट ग्रुप के मध्य जमीन के टुकड़े में अधिपत्य को लेकर विवाद हुआ। बताया गया है कि सोमवार की रात करीब साढ़े 7 बजे अवस्थी ग्रुप द्वारा मार्ग में जेसीवी, पोकलिन मशीन से मार्ग में मालवा डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया, जिसे रोकने पर महालक्ष्मी गु्रप के मैनेजर विनोद कुमार शुक्ला, दौलत मिश्रा से जमकर बहस और झूमाझटकी हुई।
कैमोर और मोहनटोला से पहुंचा काफिला
रात में हुए इस विवाद की खबर आग की तरह इस कदर फैली की दोनों पक्षों के समर्थक कैमोर और मोहन टोला से वाहनों का काफिला जाजागढ़-ददरा पहुंच गया, जहां गहमागहमी का माहौल निर्मित रहा। विवाद की खबर लगते ही मौके पर बरही टीआई अरविंद चौबे पुलिस अमले के साथ पहुंचकर विवाद की स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। टीआई ने बाधित किए गए मार्ग को खुलवाने के प्रयास किए लेकिन समन्वयन स्थापित नही हो पाया।
आफिस, प्लांट का रास्ता बंद, पेट्रोल पंप भी सील
मार्ग को मलवा से पाटने से महालक्ष्मी मिनरल्स क्रशर प्लांट और ऑफिस में जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हो चुका है, पेट्रोल पंप भी सील कर दिया गया है। इस अवस्थी क्रशर के संचालक के पी अवस्थी का कहना था कि उक्त जमीन उनके अधिपत्य की है। बताया गया है कि खसरा नंबर 1044, 1059 के अंशभाग में विवाद की स्थिति निर्मित है, जिसका मामला भी सिविल न्यायालय बरही में विचाराधीन है। विवादित भूभाग को महालक्ष्मी ग्रुप के संचालक तिलक ग्रोवर का कहना है कि जिस मार्ग को बंद किया गया है, वह सरकारी भूभाग है और जहां प्लांट स्थापित है, वह भी शासकीय रकवा है, फिर उक्त भूभाग का पैसा भी दिया गया हूं, वाबजूद इसके विवाद बढाया जा रहा है।
इनका कहना है
के पी अवस्थी और तिलक ग्रोवर के बीच जमीन के टुकड़ेमें अधिपत्य को लेकर विवाद उपजा, के पी अवस्थी द्वारा मार्ग में मलवा डालकर रास्ता बंद किया गया। के पी अवस्थी का कहना है कि उक्त भूभाग उनका है, रात में हुए विवाद को शांत कराया गया है और सीमांकन कराने के लिए कहा गया है, सीमांकन होने के उपरांत विवाद खत्म हो जाएगा।
-अरविंद चौबे, टीआई







