स्टेशनों पर यात्रियों को मिल रहा ठंडा पानी, भोपाल मंडल के 16 स्टेशनों पर स्वयंसेवकों ने संभाला मोर्चा

स्टेशनों पर यात्रियों को मिल रहा ठंडा पानी, भोपाल मंडल के 16 स्टेशनों पर स्वयंसेवकों ने संभाला मोर्चा
भोपाल, यशभारत। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल द्वारा भीषण गर्मी के मौसम में रेल यात्रियों को बड़ी राहत देने के लिए एक विशेष पहल शुरू की गई है। मंडल के 16 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और स्वयंसेवकों के सहयोग से यात्रियों को निःशुल्क और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान यात्रियों को तपती गर्मी और लू के थपेड़ों से बचाना और स्टेशनों पर पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
सामान्य कोच के यात्रियों को मिल रही बड़ी राहत
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ ट्रेनों के सामान्य कोच में सफर करने वाले यात्रियों को मिल रहा है। खचाखच भरी ट्रेनों में सफर करने वाले इन यात्रियों को अब स्टेशन आते ही अपनी सीट के पास ही ठंडा पानी मिल रहा है। सेवाभाव से जुटे स्वयंसेवक इस कार्य में स्वच्छता और हाइजीन का भी पूरा ध्यान रख रहे हैं, जिससे यात्रियों को पूरी तरह साफ और सुरक्षित पानी मिल सके।
इन 16 स्टेशनों पर शुरू हुई व्यवस्था
भोपाल मंडल के जिन प्रमुख स्टेशनों पर यह सेवा दी जा रही है, उनमें भोपाल, संत हिरदाराम नगर, बीना, विदिशा, नर्मदापुरम, हरदा, गुना, अशोकनगर, गंज बासोदा, व्यावरा राजगढ़, खिरकिया, मंडी बामोरा, रूठियाई, बदरवास, मूंगावली और शाजापुर शामिल हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि भोपाल मंडल यात्री सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हमेशा कृत संकल्पित है। भीषण गर्मी को देखते हुए यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की दिशा में यह एक बेहद जरूरी और महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम यात्रियों का सफर सुगम हो सकेगा।






