निर्माण कार्यों में लापरवाही पर महापौर सख्त, गुणवत्ता से समझौते पर जताई नाराजगी
मसुरहा वार्ड में निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण, तकनीकी जांच के दिए निर्देश

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर महापौर सख्त, गुणवत्ता से समझौते पर जताई नाराजगी
मसुरहा वार्ड में निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण, तकनीकी जांच के दिए निर्देश

कटनी, यशभारत। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर महापौर प्रीति सूरी ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को मसुरहा वार्ड में निर्माणाधीन नाली कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचीं महापौर ने मौके पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की कि नाली निर्माण बिना मजबूत बेस तैयार किए कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। शिकायत मिलते ही महापौर ने मौके पर निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां कई स्थानों पर तकनीकी मानकों की अनदेखी सामने आई।
महापौर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि टाइम कीपर और जिम्मेदार अधिकारी कार्यस्थल पर नियमित मौजूद क्यों नहीं रहते, जबकि निर्माण कार्यों की निगरानी उनकी जिम्मेदारी है।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और जहां भी लापरवाही पाई जाए, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ होने चाहिए, ताकि नागरिकों को स्थायी सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद अज्जू सोनी, कमलेश चौधरी, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।







