
पश्चिम मध्य रेलवे के कई स्टेशन अब बने जंक्शन, कटनी और भोपाल मंडल के स्टेशनों को मिली नई पहचान
रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद जारी हुई अधिसूचना, स्टेशन कोड में नहीं होगा कोई बदलाव

जबलपुर-कटनी। यशभारत पश्चिम मध्य रेलवे ने नई रेल लाइनों, कॉर्ड लाइन एवं बायपास लाइन के चालू होने के बाद अपने विभिन्न स्टेशनों को “जंक्शन” का दर्जा प्रदान किया है। इस संबंध में पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर के वाणिज्य विभाग द्वारा अग्रिम दर अधिसूचना क्रमांक-1 वर्ष 2026 (कोचिंग) जारी की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार कटनी साउथ, कटनी मुड़वारा, कैमां, सगमा, बंसापहाड़, बीना मलखेड़ी, कटंगी खुर्द, कछपुरा, तलवड़िया, रुठियाई, संत हिरदाराम नगर, गंगापुर सिटी, रामगंज मंडी एवं गुरला स्टेशन को अब आधिकारिक रूप से “जंक्शन” नाम से जाना जाएगा। हालांकि इन स्टेशनों के अल्फाबेटिकल एवं न्यूमेरिकल कोड पूर्ववत ही रहेंगे।
रेलवे प्रशासन ने संबंधित मंडलों को निर्देश दिए हैं कि स्टेशन भवनों, दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक स्थानों पर नए नाम के अनुसार बदलाव सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही दूरी तालिका एवं रेलवे स्टेशनों की वर्णानुक्रम सूची में भी आवश्यक संशोधन करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस आदेश के बाद कटनी और भोपाल मंडल के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों की पहचान और अधिक मजबूत होगी तथा यात्रियों को रेलवे नेटवर्क की बेहतर जानकारी मिल सकेगी। पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क विभाग को भी इस बदलाव के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद 15 मई 2026 को जारी किया गया।







