भीषण गर्मी में हजारों लीटर पानी सडक़ पर बर्बाद – अरेरा हिल्स की ग्रीन मिडोस कॉलोनी में तीन दिन से रिसाव जारी, रहवासी परेशान

भीषण गर्मी में हजारों लीटर पानी सडक़ पर बर्बाद
– अरेरा हिल्स की ग्रीन मिडोस कॉलोनी में तीन दिन से रिसाव जारी, रहवासी परेशान
फोटो कैप्शन – अरेरा हिल्स में बह रहा पानी जिससे लोग परेशान हो रहे हैं।
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के अरेरा हिल्स स्थित ग्रीन मिडोस कॉलोनी में नगर निगम की लापरवाही के चलते पिछले तीन दिनों से हजारों लीटर पानी सडक़ पर बहकर बर्बाद हो रहा है। वार्ड क्रमांक 43, ज़ोन-12 अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में चैंबर टूटने के कारण लगातार पानी रिस रहा है, जिससे कॉलोनी की मुख्य सडक़ पर जलभराव की स्थिति बन गई है। स्थानीय रहवासियों ने निगम प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है।
रहवासियों के अनुसार चैंबर में आई दरार और टूट-फूट के कारण उसका पूरा पानी सडक़ पर फैल रहा है। सुबह से लेकर रात तक सडक़ पर पानी जमा रहने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों को फिसलन और गड्ढों के कारण मुश्किल हो रही है, वहीं पैदल चलने वाले कीचड़ और गंदे पानी से परेशान हैं।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि समस्या पिछले तीन दिनों से लगातार बनी हुई है, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। एक रहवासी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी में पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं, वहीं यहां हजारों लीटर पानी सडक़ों पर बहकर बर्बाद हो रहा है।
क्षेत्र के लोगों का अनुमान है कि हर घंटे बड़ी मात्रा में पानी रिसाव के कारण नष्ट हो रहा है। नागरिकों ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते मरम्मत कर दी जाती तो इतनी बड़ी बर्बादी रोकी जा सकती थी।
जलभराव के कारण मिडोस कॉलोनी की सडक़ों पर गंदगी बढऩे लगी है। आसपास के घरों के सामने पानी जमा होने से मक्खियों और कीड़ों की समस्या भी बढ़ गई है। रहवासियों ने बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि लगातार जमा पानी से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सडक़ पर पानी भरे रहने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। दुकानों के सामने कीचड़ और गंदगी फैलने से कारोबार पर असर पड़ रहा है। कई वाहन चालक रास्ता बदलने को मजबूर हो रहे हैं। वार्ड 43 के अंतर्गत आने वाले संबंधित अधिकारियों और पार्षद कार्यालय से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन तत्काल कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिली। हालांकि स्थानीय पार्षद के सचिव ने बताया कि समस्या की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है और जल्द ही निगम की टीम भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा।
कॉलोनी निवासियों ने मांग की है कि चैंबर की तत्काल मरम्मत कर पानी के रिसाव को रोका जाए तथा सडक़ पर जमा पानी की सफाई कराई जाए। साथ ही उन्होंने निगम प्रशासन से भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए नियमित निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला प्रशासन के लिए चेतावनी है कि छोटी तकनीकी खराबियों की अनदेखी किस तरह बड़े सार्वजनिक नुकसान और नागरिक असुविधा का कारण बन सकती है।







