आमने-सामने भिड़ीं बाइकें : चार घायल, एक की हालत गंभीर जबलपुर रेफर

गोटेगांव-नरसिंहपुर ।सड़क मार्ग पर कमती-इमलिया के पास बुधवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदूखेड़ा खमरिया निवासी एक युवक अपनी दो बहनों के साथ मोटरसाइकिल से भामा गांव जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में अजीत ठाकुर (30 वर्ष), सृष्टि ठाकुर (19 वर्ष) और श्रद्धा ठाकुर (15 वर्ष) निवासी तेंदूखेड़ा खमरिया घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अमृतराज (15 वर्ष) निवासी बेलखेड़ी भी घायल हुआ।
घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से गोटेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने अमृतराज की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल जबलपुर रेफर कर दिया। वहीं अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से एक को सिर में गंभीर चोट और एक किशोरी को नाक से अधिक रक्तस्राव की शिकायत बताई गई है।
घायल श्रद्धा ठाकुर ने बताया कि वे अमेठा से भामा जा रहे थे और उनकी बाइक सीधी चल रही थी, तभी सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी।
ड्यूटी डॉक्टर डॉ. विंसी मेंडरेई के अनुसार, चारों घायल एक साथ अस्पताल पहुंचे थे। इनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे जबलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है। गोटेगाँव पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







