भोपालमध्य प्रदेश

बिजली बिल वसूली में कोताही नहीं, बड़े उपभोक्ताओं से शुरू करें कार्रवाई ऊर्जा मंत्री तोमर

बिजली बिल वसूली में कोताही नहीं, बड़े उपभोक्ताओं से शुरू करें कार्रवाई ऊर्जा मंत्री तोमर

भोपाल यश भारत। प्रदेश में बिजली बिलों की वसूली को लेकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंत्रालय में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यों की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि कंपनी की आय बढ़ाने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और बिजली बिल वसूली में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि वसूली अभियान की शुरुआत बड़े उपभोक्ताओं से की जाए तथा जरूरत पड़ने पर कॉलोनियों में विशेष वसूली शिविर भी लगाए जाएं। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कठिन क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को अच्छी पोस्टिंग देकर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। साथ ही अवैध कॉलोनियों में विद्युतीकरण के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि मध्य क्षेत्र में अब तक 10 लाख 60 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं जिससे बिजली बिल भुगतान की स्थिति में सुधार देखने को मिला है। मंत्री ने स्मार्ट मीटर वाले क्षेत्रों में भुगतान व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसफार्मर फेल्योर की घटनाएं कम करने पर जोर देते हुए कहा कि सूचना छिपाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। ट्रिपिंग कम करने के लिए दो फीडरों को आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने बरसात से पहले विद्युत आपूर्ति बहाल करने की तैयारी पूरी रखने तथा आरडीएसएस और एसएसटीडी योजनाओं के कार्य समय सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button