रफ्तार का कहर : बाइक की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत

रीवा । नईगढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लालगंज गांव में एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया. बाइक ने साइकिल सवार को इतनी तेज टक्कर मारी कि साइकिल सवार करीब 5 फीट ऊपर हवा में उड़ गया और करीब 20 फीट दूर जा गिरा. इस घटना में मौके पर साइकिल सवार की मौत हो गई. वहीं, बाइक पर सवार दंपति भी बुरी तरह घायल हो गए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है.
डिहिया गांव के निवासी 19 वर्षीय सुभाष साकेत तेंदु पत्ता तोड़ने के लिए घर से साइकिल पर सवार होकर निकला था. शाम को वह तेंदु पत्ता तोड़कर वापस घर लौट रहा था. सुभाष साकेत जैसे ही लालगंज गांव के पास स्थित तिराहे मोड़ पर पहुंचा, तभी सामने की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने अपना नियंत्रण खो दिया और उसे जोरदार टक्कर मार दी. जिसमें मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
बाइक ने साइकिल में इतनी तेज टक्कर मारी कि सुभाष साकेत 5 फीट ऊपर हवा में उछल गया और करीब 20 फीट दूर जा गिरा. घटना को देखते ही उसे बचाने मौके पर मौजूद लोग और राहगीर उसकी ओर मदद के लिए दौड़े, लेकिन देखा कि मौके पर ही सुभाष ने दम तोड़ दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल बाइक सवार रहीश साहू और पत्नि प्रीति साहू को लोगों की मदद से नईगढ़ी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रीवा रेफर कर दिया है.
घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद अस्पताल पहुंचकर घायल बाइक सवार दंपत्ति के बयान दर्ज किया. थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने बताया कि “सोमवार को घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज मिला है. जिसमें पूरा घटनाक्रम कैद है. साइकल सवार 19 वर्षीय सुभाष साकेत तेंदु पत्ता तोड़कर घर जा रहा था. इसी दौरान मंदिर दर्शन करने जा रहे बाइक सवार दंपत्ति की साइकल से भिड़ंत हो गई. घटना में साइकिल सवार सुभाष साकेत की घटनास्थल पर मौत हो गई. वहीं, बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल है. मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही हैl







