जबलपुरमध्य प्रदेश

शराब दुकान स्थानांतरण के विरोध में क्षेत्रवासियों ने आबकारी आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

बड़ा पत्थर-2 स्थित शराब दुकान से नागरिकों और व्यापारियों में असंतोष

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर में बड़ा पत्थर-2 स्थित शराब दुकान को वर्तमान स्थान गांधी चौक क्षेत्र से हटाकर जेडीए मार्केट बड़ा पत्थर में खोले जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आबकारी आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि दुकान को किसी आपत्तिरहित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र का सामाजिक एवं सांस्कृतिक वातावरण प्रभावित न हो। ज्ञापन में बताया गया कि बड़ा पत्थर तिराहा क्षेत्र धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां दुर्गा मंदिर, शिव मंदिर, डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा सहित कई धार्मिक स्थलों पर नियमित रूप से आयोजन होते रहते हैं। इसके अलावा बुद्ध पूर्णिमा, अंबेडकर जयंती, संत रविदास जयंती, नर्मदा यात्रा और राष्ट्रीय पर्वों पर बड़ी संख्या में लोग यहां एकत्रित होते हैं। ऐसे क्षेत्र के समीप शराब दुकान खोले जाने से आम नागरिकों और व्यापारियों में असंतोष का माहौल है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि शराब दुकान खुलने के बाद आसपास का माहौल खराब हो रहा है तथा पूर्व से व्यापार कर रहे दुकानदारों में भय का वातावरण बन गया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जेडीए मार्केट क्षेत्र में चखना, मांस एवं मदिरा संचालन प्रतिबंधित होने के बावजूद वहां शराब दुकान संचालित की जा रही है, जो नियमों का उल्लंघन है।नागरिकों ने आरोप लगाया कि संबंधित शराब दुकान की चौहद्दी निर्धारण प्रक्रिया भी अब तक पूरी नहीं हुई है। इसके बावजूद दुकान का संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर लाइसेंसी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा शराब दुकान को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button