जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेश

पाइपलाइन की खोदी सड़क ने निगला भारी डंपर रात के अंधेरे में बीच रास्ते फंसा मिट्टी से भरा वाहन

जबलपुर, यश भारत। शहर में अंधेरी पुल से बीमा हॉस्पिटल, कांचघर होते हुए सतपुला पुल तक डाली जा रही पाइपलाइन परियोजना अब आम लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनती जा रही है। पिछले 4 से 5 महीनों से चल रहे इस काम के चलते सड़कें उखड़ी पड़ी हैं और जगह-जगह खुदाई होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मिट्टी से भरा एक भारी डंपर सड़क में फंस गया।

बताया जा रहा है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क पर मिट्टी तो डाल दी गई थी, लेकिन उसे मजबूती से तैयार नहीं किया गया। देर रात वहां से गुजर रहा भारी डंपर जैसे ही उस हिस्से पर पहुंचा, सड़क दबाव नहीं झेल सकी और डंपर का एक हिस्सा सड़क में धंसते हुए फंस गया। हादसे के दौरान चालक समय रहते डंपर से उतरकर बाहर निकल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सड़क पूरी तरह खुदी हुई है और पाइपलाइन का काम जारी है, तो भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक क्यों नहीं लगाई गई। आम लोगों के लिए बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते संकरे कर दिए गए हैं, जिससे बाइक और छोटे वाहन निकालना तक मुश्किल हो रहा है, लेकिन भारी डंपरों का लगातार निकलना जारी है।

रहवासियों ने निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क को सही तरीके से तैयार नहीं किया जा रहा, जिससे आए दिन हादसे जैसी स्थिति बन रही है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button