पटना जाने वाली ट्रेन में लगी आग, एक बोगी जलकर खाक
सासाराम में बड़ा रेल हादसा टला, समय रहते खाली कराई गई ट्रेन

सासाराम। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सासाराम से पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया तथा लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जल चुकी थी। बाद में क्षतिग्रस्त बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया। आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं रेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समय पर पानी और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं होने से आग तेजी से फैल गई। लोगों का कहना है कि रेलवे की फायर सेफ्टी व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हुई, क्योंकि पाइपलाइन में पानी नहीं था और कई अग्निशमन सिलेंडर खाली पड़े थे।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्टेशन पर आपातकालीन संसाधनों की नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।







