मध्य प्रदेशराज्य

बारात की खुशियां के बीच पसरा मातम : तेज रफ्तार बाइक के कहर से युवती की मौत, चार घायल

यशभारत डिंडोरी lडिंडोरी जिले के ग्राम पंचायत पड़रिया कला के भद्दू टोला में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल फैल गया।

जानकारी के अनुसार हादसे में मृत युवती की पहचान प्रियंका परस्ते पिता रघुवर परस्ते के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियंका के भाई की बारात निकलने की तैयारियां चल रही थीं और घर में शादी का माहौल था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने अचानक लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रियंका परस्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल 112 वाहन और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय डिंडोरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक चालक कौन था, इसे लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इधर प्रियंका परस्ते की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर से बारात निकलने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button