भोपालमध्य प्रदेश

भड़काऊ बयानबाजी मामले में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष पर एफआईआर

भड़काऊ बयानबाजी मामले में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष पर एफआईआर, मुस्लिम संगठनों के विरोध के बाद पुलिस का एक्शन

भोपाल, यश भारत। राजधानी के गौतम नगर क्षेत्र में एक युवक के साथ हुई मारपीट और उस दौरान की गई आपत्तिजनक बयानबाजी के मामले में पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई मुस्लिम संगठनों द्वारा किए गए भारी विरोध प्रदर्शन और दी गई चेतावनी के बाद की गई है।

दरअसल, यह पूरा विवाद गौतम नगर स्थित प्राइड होटल से शुरू हुआ, जहाँ हिंदू उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं ने एक युवक को एक युवती के साथ पकड़ा था। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट की और उसके चेहरे पर स्याही व गोबर पोत दिया। इसके बाद युवक को अर्धनग्न अवस्था में गोविंदपुरा पुलिस के हवाले कर दिया गया था।

घटना के दौरान कार्यकर्ताओं पर एक समुदाय विशेष के खिलाफ भड़काऊ और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने के भी आरोप लगे हैं। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मुस्लिम समाज में आक्रोश व्याप्त हो गया। विरोध स्वरूप 12 मई को मुस्लिम संगठनों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर सड़कों पर चक्काजाम कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि आरोपियों की नामजद गिरफ्तारी नहीं हुई, तो जुमे के दिन इकबाल मैदान में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब चंद्रशेखर तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button