युवक से बेरहमी और धार्मिक टिप्पणी पर भड़के विधायक आतिफ अकील, ADG को सौंपा ज्ञापन

युवक से बेरहमी और धार्मिक टिप्पणी पर भड़के विधायक आतिफ अकील, ADG को सौंपा ज्ञापन
विधायक ने दी चेतावनी नफरत और बहन-बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं
भोपाल, यशभारत। ।राजधानी के बीच सड़क पर एक युवक के साथ हुई बर्बरता और धार्मिक आधार पर दी गई गालियों के मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक तूल पकड़ लिया है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक आतिफ आरिफ अकील ने इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
एडीजी इंटेलिजेंस से सख्त कार्यवाही की मांग
विधायक आतिफ अकील ने इस गंभीर मामले को लेकर एडीजी इंटेलिजेंस ए. साईं मनोहर से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि सरेराह युवक की पिटाई करने वाले और धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले दोषियों को चिह्नित कर जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।
महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं
घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा, शहर में गुंडागर्दी और नफरत फैलाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। अगर किसी भी बहन-बेटी के साथ गलत होता है या उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई जाती है, तो हम उसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।” उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो जनता के साथ मिलकर न्याय की लड़ाई लड़ी जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
विधायक ने शहर की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि बीच सड़क पर इस तरह की हिंसा अपराधियों के बेखौफ होने का प्रमाण है। ज्ञापन सौंपने के दौरान उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे तत्वों पर एनएसए जैसी कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए जो समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं।







