कब्रिस्तान के नीचे से मेट्रो रूट पर सियासत तेज, बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार
Politics intensifies over the metro route under the cemetery, with BJP MLA Rameshwar Sharma countering.

कब्रिस्तान के नीचे से मेट्रो रूट पर सियासत तेज, बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार
भोपाल यश भारत। राजधानी में प्रस्तावित मेट्रो रूट को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुस्लिम समाज और वक्फ बोर्ड द्वारा कब्रिस्तान के नीचे से मेट्रो लाइन निकालने पर जताए गए विरोध के बीच बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी मस्जिद या कब्रिस्तान को अंडरग्राउंड मेट्रो से कोई नुकसान नहीं होगा और विरोध के नाम पर छाती पीटना बंद करना चाहिए।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यदि कुछ लोग यह सोच रहे हैं कि विरोध करने से मेट्रो का रूट बदल जाएगा तो ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जो समझदार मुस्लिम हैं वे सच्चाई जानते हैं। शर्मा ने उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली में जामा मस्जिद के नीचे से भी मेट्रो गुजरती है और वहां किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर कोई भी कब्रिस्तान पांच से दस फीट गहरा होता है जबकि मेट्रो सुरंग बीस से तीस फीट नीचे बनाई जाती है इसलिए किसी प्रकार के नुकसान या हस्तक्षेप का सवाल ही नहीं उठता। विधायक ने यह भी कहा कि यदि किसी को मेट्रो का रूट बदलवाना है तो वह परियोजना की अतिरिक्त लागत वहन करे तब रूट बदला जा सकता है। गौरतलब है कि मेट्रो परियोजना के प्रस्तावित रूट को लेकर मुस्लिम समाज और वक्फ बोर्ड ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि कब्रिस्तान के नीचे से मेट्रो लाइन निकालना धार्मिक और भावनात्मक दृष्टि से उचित नहीं है। इस मुद्दे पर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।







