भोपाल

पेड़ों को काटने और आग लगाने वालों के खिलाफ रहवासियों का प्रदर्शन कार्रवाई की मांग को लेकर थाना कटारा में सौंपा ज्ञापन, पर्यावरण बचाने की अपील

पेड़ों को काटने और आग लगाने वालों के खिलाफ रहवासियों का प्रदर्शन
कार्रवाई की मांग को लेकर थाना कटारा में सौंपा ज्ञापन, पर्यावरण बचाने की अपील
भोपाल, यश भारत। राजधानी के बाग मुगालिया एक्सटेंशन क्षेत्र में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने और सड़क किनारे कचरा फेंकने की बढ़ती घटनाओं से नाराज रहवासियों ने पुलिस की शरण ली है। कॉलोनी विकास समिति और क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों ने थाना कटारा पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने थाना प्रभारी सुनील दुबे को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि क्षेत्र में लगातार पेड़ों को काटने, तोड़ने और उनमें आग लगाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे इलाके की हरियाली नष्ट हो रही है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। 
ढाई लाख खर्च कर लगाए गए थे 243 पेड़
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2024 में लहारपुर से बरखेड़ा पठानी जाने वाले मार्ग पर लगभग ढाई लाख रुपये की लागत से 243 पेड़ लगाए गए थे। इन पेड़ों को हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से लगाया गया था, लेकिन पिछले एक वर्ष के दौरान इनमें से कई पुराने पेड़ों को नुकसान पहुंचाकर काट दिया गया।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व लगातार पेड़ों को तोड़ने और उनमें आग लगाने जैसी हरकतें कर रहे हैं। इससे लगाए गए पौधों और बड़े पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों में बढ़ा आक्रोश
रहवासियों के अनुसार कुछ दिन पहले भी पेड़ों को तोड़ने की घटना सामने आई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने मिलकर रोकने की कोशिश की। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ लोग जानबूझकर पेड़ों में आग लगा रहे हैं और सड़क किनारे कचरा फेंक रहे हैं, जिससे पूरे इलाके का वातावरण प्रदूषित हो रहा है।
पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन में रहवासियों ने मांग की है कि मार्ग पर कचरा फेंकने और पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
थाना प्रभारी सुनील दुबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनी के रहवासी, महिलाएं, बच्चे, युवक और बुजुर्ग मौजूद रहे और सभी ने मिलकर क्षेत्र की हरियाली बचाने की आवाज उठाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button