बैरसिया रोड पर टाइगर का आतंक: 7 गांवों में दहशत, 10 दिन में 5 मवेशियों का किया शिकार

बैरसिया रोड पर टाइगर का आतंक: 7 गांवों में दहशत, 10 दिन में 5 मवेशियों का किया शिकार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बैरसिया रोड से सटे ग्रामीण इलाकों में इन दिनों टाइगर के मूवमेंट ने नींद उड़ा दी है। पिछले 10 दिनों के भीतर टाइगर ने 5 गाय और भैंसों का शिकार कर लिया है, जिससे क्षेत्र के 7 गांवों में भारी दहशत का माहौल है। टाइगर के खौफ का आलम यह है कि ग्रामीणों ने रात के समय अपने नियमित रास्तों का इस्तेमाल बंद कर दिया है और जान बचाने के लिए 5 से 6 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर आवाजाही कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, टाइगर का मूवमेंट मुख्य रूप से हलाली नदी के किनारे और पहाड़ी रास्तों पर बना हुआ है। प्रभावित गांवों में कनेरा, करोंदखुर्द, कड़ैया, छापर, अगरिया, मुगालिया कोट और चांचड़ शामिल हैं। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने बताया कि टाइगर सबसे पहले 10 दिन पूर्व कनेरा गांव में देखा गया था। ताजा घटना गुरुवार-शुक्रवार की रात की है, जब टाइगर ने एक और गाय को अपना शिकार बनाया।
टाइगर के लगातार हमलों के कारण किसानों ने रात के समय खेतों में जाना पूरी तरह बंद कर दिया है। ग्रामीण बताते हैं कि टाइगर पहाड़ी और नदी के रास्तों से होते हुए गांव की बस्तियों तक पहुंच रहा है और खलिहानों या घर के बाहर बंधे मवेशियों को निशाना बना रहा है। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई है। हालांकि, विभाग की टीम ने इलाके में सर्चिंग की है, लेकिन टाइगर का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।







