मध्य प्रदेशराज्य

जिला अस्पताल में अब शव भी सुरक्षित नहीं : डीप फ्रीजर खराब, स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल

यशभारत डिंडोरी |जिला अस्पताल डिंडोरी एक बार फिर अव्यवस्थाओं और लापरवाही को लेकर चर्चा में है। इस बार मामला अस्पताल में शवों को सुरक्षित रखने के लिए लगाए गए डीप फ्रीजर के खराब होने का सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

 

जानकारी के अनुसार क्युटि गांव निवासी 30 वर्षीय झाम सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ के नीचे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखे जाने की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद मामले की जानकारी डिंडोरी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

बताया गया कि देर शाम होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने पोस्टमार्टम शुक्रवार 8 मई को किए जाने की बात कही। इसके बाद पुलिस और परिजन शव को सुरक्षित रखने के लिए अस्पताल के डीप फ्रीजर तक पहुंचे, लेकिन वहां की स्थिति देखकर सभी हैरान रह गए। अस्पताल का डीप फ्रीजर बंद पड़ा था।

सूत्रों के मुताबिक दोपहर करीब 1:30 बजे ट्रांसफार्मर खराब होने से अस्पताल की बिजली व्यवस्था ठप हो गई, जिसके चलते शव सुरक्षित रखने वाला डीप फ्रीजर भी बंद हो गया। ऐसे में शव को मजबूरी में मरचुरी कक्ष में रखा गया।

इस घटना ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण संस्था में शव संरक्षण जैसी गंभीर व्यवस्था के लिए कोई वैकल्पिक बैकअप सिस्टम क्यों मौजूद नहीं है। मेंटनेंस और व्यवस्थाओं के नाम पर आने वाली शासकीय राशि आखिर कहां खर्च हो रही है, इसे लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

 

इनका कहना है….

वायर कट गया है इसलिए फ्रीजर में शव रखने से मना कर दिया है, मर्चुरी में शव को रखवाया है – मृतक का भाई

ट्रांसफार्मर जलने के कारण फ्रीजर बंद हो गया है, एक दिन में चालू हो जाएगा – टेक्नीशियन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button