सीमा पर हाई अलर्ट : श्रीगंगानगर में रात का कर्फ्यू, पाकिस्तानी सिम पर पूर्ण प्रतिबंध
जबलपुर, यश भारत।

सीमा पर हाई अलर्ट : श्रीगंगानगर में रात का कर्फ्यू, पाकिस्तानी सिम पर पूर्ण प्रतिबंध
जबलपुर, यश भारत। राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में घुसपैठ और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों की आशंका के चलते प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिला प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में विशेष प्रतिबंध लागू करते हुए रात के समय कर्फ्यू लगाने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 15 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।
जिला मजिस्ट्रेट डॉ. अमित यादव द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी निर्देशों के अनुसार अनूपगढ़, घड़साना, रायसिंहनगर, पदमपुर, श्रीकरणपुर और श्रीगंगानगर से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा के 3 किलोमीटर दायरे में शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक आम नागरिकों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
प्रशासन ने सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी मोबाइल नेटवर्क के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए पाकिस्तानी लोकल सिम के इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों के अनुसार सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान के मोबाइल टावरों का नेटवर्क भारतीय सीमा में 3 से 4 किलोमीटर तक पहुंच जाता है, जिसका उपयोग राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति पाकिस्तानी सिम का उपयोग करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के लिए अनुमति जरूरी
सीमा क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों को पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं किया गया है, लेकिन खेतों में आने-जाने के लिए उन्हें बीएसएफ या सेना के अधिकारियों से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
सरकारी कर्मचारियों को छूट
राज्य और केंद्र सरकार के ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को इन प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है, ताकि सुरक्षा और प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों।







