टूटे नाले में कचरे का अंबार, बदबू से परेशान पद्मनाभ नगर के रहवासी, लंबे समय से सफाई नहीं होने से बढ़ी समस्या

टूटे नाले में कचरे का अंबार, बदबू से परेशान पद्मनाभ नगर के रहवासी, लंबे समय से सफाई नहीं होने से बढ़ी समस्या
भोपाल, यश भारत। नाले में कचरा जमा होने के कारण लोगों को हो रही परेशानी
भोपाल, यश भारत। राजधानी के पद्मनाभ नगर क्षेत्र में एक नाले की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग परेशान हैं। नाले की बाउंड्री टूट जाने और लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण उसमें कचरे का अंबार लग गया है। इससे क्षेत्र में तेज बदबू फैल रही है और आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण उसमें प्लास्टिक, घरेलू कचरा और अन्य गंदगी जमा होती जा रही है। नाले की बाउंड्री दीवार कई स्थानों से टूट चुकी है, जिसके कारण लोग खुलेआम कचरा फेंक रहे हैं। धीरे-धीरे यह स्थान कचरा डालने का अघोषित स्थल बनता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। कचरे के कारण नाले से लगातार बदबू उठती रहती है, जिससे आसपास के घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सडक़ से गुजरने वाले लोगों को भी नाक पर रुमाल या हाथ रखकर निकलना पड़ता है। क्षेत्र के एक निवासी ने बताया कि सुबह-शाम जब बच्चे स्कूल आते-जाते हैं तो उन्हें बदबू के कारण नाक दबाकर निकलना पड़ता है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर पडऩे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम को इस समस्या के बारे में जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नाले की सफाई और बाउंड्री की मरम्मत न होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। बारिश के मौसम में यह समस्या और बढ़ सकती है, क्योंकि कचरे के कारण पानी का बहाव रुकने का खतरा भी बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि नगर निगम जल्द से जल्द नाले की सफाई कराए और टूटी बाउंड्री की मरम्मत कराए, ताकि लोग कचरा फेंकने से बचें और क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।







