अड़ीबाजी कर कार फूंकने वाला बदमाश गिरफ्तार

अड़ीबाजी कर कार फूंकने वाला बदमाश गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार रोड इलाके में आतंक फैलाने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे न मिलने पर न केवल फरियादी के साथ गाली-गलौज की, बल्कि उसकी कार में आग लगा दी और मोहल्ले की अन्य गाड़ियों के कांच भी पत्थर मारकर फोड़ दिए। वारदात के बाद से फरार चल रहे इस निगरानी शुदा बदमाश को कोलार पुलिस ने जिला अशोक नगर से घेराबंदी कर पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार, घटना कोलार थाना क्षेत्र की है जहाँ मुख्य आरोपी इमरान खान उर्फ चुन्नी उम्र 31 साल ने अपने एक साथी के साथ मिलकर फरियादी को रोककर शराब के लिए पैसों की मांग की थी। जब फरियादी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उग्र होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने दहशत फैलाने के इरादे से फरियादी की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने मोहल्ले में खड़ी अन्य गाड़ियों पर भी पत्थर बरसाए, जिससे कई वाहनों को नुकसान पहुँचा।
थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी भोपाल छोड़कर जिला अशोक नगर भाग गया था और वहां छिपकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सटीक सूचना के आधार पर अशोक नगर के देहात क्षेत्र में दबिश देकर इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया।







