कड़ी सुरक्षा घेरे में प्रारंभ हुई नीट परीक्षा – हर सेंटर पर सख्त जांच के बाद ही दिया प्रवेश

कड़ी सुरक्षा घेरे में प्रारंभ हुई नीट परीक्षा
– हर सेंटर पर सख्त जांच के बाद ही दिया प्रवेश
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी -2026) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी परीक्षा केंद्रों पर एक साथ शुरू हुई। परीक्षा की निष्पक्षता के लिए अभ्यर्थियों को सघन जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। राज्यभर में बनाए गए सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और तकनीकी जांच व्यवस्था लागू की गई है। 30 जिलों में कुल 283 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 1 लाख 18 हजार अभ्यर्थी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए परीक्षा दे रहे हैं। सुबह से ही सभी केंद्रों पर विद्यार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुरक्षा कर्मियों ने प्रत्येक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की बारीकी से जांच की, जिसके बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश दिया गया।
राजधानी भोपाल में 33 परीक्षा केंद्रों पर करीब 14 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। सुभाष एक्सीलेंस स्कूल सहित कई प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर फुल बॉडी स्कैनर और मेटल डिटेक्टर की सहायता से छात्रों की जांच की गई। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु मिलने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की कई टीमें तैनात रहीं, जो अभ्यर्थियों की चरणबद्ध जांच कर रही थीं। परीक्षा कक्षों के बाहर और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या अनियमितता की संभावना को रोका जा सके।
परीक्षा का पहला सत्र सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जिससे जांच प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। कई केंद्रों पर छात्र निर्धारित समय से काफी पहले ही पहुंच गए थे। केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भी बड़ी संख्या देखने को मिली। वे अपने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए परीक्षा समाप्त होने का इंतजार करते नजर आए। दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए, ताकि छात्रों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। पुलिस कर्मियों की भी तैनाती परीक्षा केंद्रों पर की गई थी। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर साइबर कमांडों भी तैनात किए गए थे।
परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सख्त सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है। परीक्षा समाप्त होने के बाद परिणाम और मूल्यांकन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जारी की जाएगी।







