बड़वारा में भीषण सड़क हादसा, डंपर और कार की जोरदार भिड़ंत में तीन की दर्दनाक मौत, दो गंभीर

कटनी, यशभारत। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसाडी के पास गुरुवार सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित हाईवा डंपर ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का जिला अस्पताल कटनी में उपचार जारी है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
शादी समारोह से लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर जिले के सगोरिया निवासी रघुवंशी परिवार के सदस्य एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बरही थाना क्षेत्र के पिपरिया कला खिरहनी आए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रात करीब 02:00 बजे पांचों सदस्य—अनिल रघुवंशी, राकेश रघुवंशी, अरुण रघुवंशी, अभिषेक रघुवंशी और गजेंद्र रघुवंशी—कार द्वारा वापस नरसिंहपुर के लिए रवाना हुए थे।
लापरवाह डंपर चालक ने मारी टक्कर
मृतक के परिजन भैरव सिंह रघुवंशी ने बताया कि जैसे ही उनकी कार बसाडी चौराहे के समीप पहुँची, सामने से आ रहे डंपर क्रमांक MP 50 H 1383 के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में अनिल, राकेश और अरुण रघुवंशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला। अभिषेक और गजेंद्र को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।







