जहांगीराबाद में किशोर ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

जहांगीराबाद में किशोर ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत। राजधानी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। किशोर ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जहांगीराबाद निवासी 17 वर्षीय लक्की यादव ने अपने घर के कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे खुदकुशी के कारणों को लेकर रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व शुरुआती जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।







