प्रतिबंधित स्मोकिंग कोन बेच रहे युवक पर कार्रवाई

प्रतिबंधित स्मोकिंग कोन बेच रहे युवक पर कार्रवाई
भोपाल, यश भारत। नशे से जुड़े प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अशोका गार्डन थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोगो स्मोकिंग कोन और रोलिंग पेपर जब्त किए हैं।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर शहर में प्रतिबंधित गोगो स्मोकिंग कोन, रोलिंग पेपर और अन्य नशे से जुड़े सामान बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 रश्मि अग्रवाल दुबे और सहायक पुलिस आयुक्त उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। आरोपी ने अपना नाम दीपक राजपूत (32) निवासी नरेला शंकरी, थाना अयोध्या नगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से गोगो रोलिंग पेपर का एक डिब्बा बरामद किया गया, जिसमें 52 रोलिंग पेपर पाए गए। पुलिस ने सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







