कर्मचारी नेता की मौत के बाद भड़का आक्रोश; शहडोल की एंबुलेंस रोककर चालकों से मारपीट, पुलिस ने उपद्रवियों को दबोचा

जबलपुर यश भारत। व्हीकल फैक्ट्री (VFJ) के कर्मचारी नेता असीम दुबे की शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एंबुलेंस की टक्कर से हुई मौत के बाद आज जबलपुर में जमकर हंगामा हुआ। हादसे से आक्रोशित लोगों ने खमरिया क्षेत्र के बेसलाइन पेट्रोल पंप के पास मोर्चा खोल दिया और शहडोल की ओर से आ रही दो अन्य एंबुलेंस को जबरन रोक लिया। गुस्साई भीड़ ने एंबुलेंस चालकों के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि उनके साथ मारपीट भी शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही खमरिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से चालकों को छुड़ाया और मारपीट करने वाले संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई है। ज्ञात हो कि पिछली रात शहडोल की ही एक एंबुलेंस ने असीम दुबे को टक्कर मारी थी, जिसके बाद से स्थानीय लोगों में बाहरी एंबुलेंसों की रफ्तार और लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।







