कान्हा टाईगर रिजर्व में एक माह में तीसरे बाघ की मौत : सरही वन परिक्षेत्र में एक और नर बाघ शावक का शव मिला

मंडला। मंडला के कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही वन परिक्षेत्र में एक और नर बाघ शावक का शव मिला है। इसके साथ ही कान्हा में एक महीने के भीतर यह तीसरे बाघ की मौत है। शावक की मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। वन विभाग की ओर से शावक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
जानकारी के अनुसार, मृत शावक उसी शावक का भाई बताया जा रहा है, जिसका शव 21 अप्रैल को सरही परिक्षेत्र के बड़े अमाही नाला के पास मिला था। इन लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। कान्हा टाइगर रिजर्व में इस महीने अब तक तीन बाघों की मौत हो चुकी है। इसमें 3 अप्रैल को बाघिन टी-122 की मौत और 21 अप्रैल को एक नर शावक का शव मिलना शामिल है। पिछले आठ महीनों में रिजर्व में 9 बाघ और 5 तेंदुओं की मौत दर्ज की जा चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही कान्हा टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







