भोपाल में परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

भोपाल में परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। माता मंदिर चौराहे से न्यू मार्केट तक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और जयकारों से शहर गूंज उठा। शोभायात्रा में शामिल लोगों ने भगवान परशुराम के जयकारे लगाए और पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने आयोजन को विशेष आकर्षण दिया। ढोल नगाड़ों और बैंड बाजों की धुन पर युवा और बच्चे उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए। जगह जगह स्वागत मंच बनाकर शोभायात्रा का अभिनंदन किया गया। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर राजधानी भोपाल सहित पूरे देश में हर्ष और उल्लास का माहौल बना हुआ है। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शहर के गली मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर जन्मोत्सव की धूम साफ दिखाई दे रही है। भोपाल में हिंदू संगठनों, बजरंग दल और विभिन्न समाजों के लोगों ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। इस अवसर पर आयोजकों ने भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने और समाज में एकता व सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया।







