सतना/मैहर यश भारत । कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेहरा वार्ड क्रमांक 4 स्थित बीड़ी बस्ती में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। भाई की वार्षिक पुण्यतिथि (वर्षी) के दौरान तालाब में दाल धोने गई चार लोगों की टोली में से दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य को समय रहते बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक वर्ष पूर्व दिवंगत हुए भाई की वर्षी के अवसर पर परिवार और रिश्तेदार एकत्रित हुए थे। कार्यक्रम के तहत पूजन सामग्री तैयार करने के लिए कुछ लोग पास के पटेहरा तालाब पहुंचे। इसी दौरान तालाब किनारे खड़ी एक किशोरी का पैर अचानक फिसल गया। खुद को संभालने के प्रयास में उसने अपनी बहन का हाथ पकड़ लिया, जिससे दोनों गहरे पानी में समा गईं।
दोनों बहनों को डूबता देख उन्हें बचाने के लिए एक भाई और एक अन्य बहन भी तालाब में कूद पड़े, लेकिन तालाब की अधिक गहराई और फिसलन के कारण चारों ही डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनते ही तत्काल पानी में छलांग लगाई और दो लोगों—अभिषेक और सल्लू—को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद शुरू हुई सर्चिंग के दौरान अंचल चौधरी और पूनम चौधरी को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय मछुआरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के समय थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी, सीएसपी महेंद्र सिंह और एसडीएम दिव्या पटेल सहित पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गहरे पानी वाले स्थानों से दूर रहें और बच्चों को बिना निगरानी के तालाब या नदी के पास न जाने दें।