पारिवारिक कलह ने ली युवक की जान

पारिवारिक कलह ने ली युवक की जान
गर्भवती पत्नी ने ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
भोपाल ,यशभारत। राजधानी के हबीबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान रोहित रैकवार के रूप में हुई है, जो सतपुड़ा भवन में कार्यरत था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रोहित अपनी पत्नी कंचन रैकवार को ऑफिस छोड़कर घर वापस लौटा था। घर पहुँचने के बाद कुछ ऐसा हुआ कि रोहित ने अपनी मां और भाभी के सामने ही हाथ में रस्सी ली और कमरे की ओर भाग पड़ा। इससे पहले कि परिजन कुछ समझ पाते या उसे रोक पाते, उसने कमरे के अंदर जाकर फंदा लगा लिया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और निजी अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी कंचन, जो एक निजी बैंक में कार्यरत है और 5 माह की गर्भवती है, ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कंचन का कहना है कि रोहित को घर में लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी प्रताड़ना के चलते वह भारी तनाव में थे और अंततः उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
हबीबगंज थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पत्नी के आरोपों और घर की परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







