भोपालमध्य प्रदेश

ईटखेड़ी में कलेक्टर का दौरा , किसानों और स्व सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद, आजीविका और पेयजल पर दिए निर्देश

ईटखेड़ी में कलेक्टर का दौरा , स्व सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद, आजीविका और पेयजल पर दिए निर्देश

भोपाल यश भारत। भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिले के ईटखेड़ी क्षेत्र का दौरा कर स्व सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात की और उनकी आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष जोर देते हुए समूहों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। एक जिला एक उत्पाद पहल के तहत समर्थन सीएलएफ सेंटर पहुंचे कलेक्टर ने जरी जरदौजी, जूट और बांस से बने उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं को योजनाबद्ध तरीके से आजीविका गतिविधियां बढ़ाने और स्कूल बच्चों के आवागमन के लिए आजीविका एक्सप्रेस संचालित करने का सुझाव दिया। दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत के नागरिकों और बच्चों से संवाद कर पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और ड्रॉप-आउट जैसी समस्याओं पर चर्चा की। ईटखेड़ी, गोलखेड़ी और बीनापुर की महिलाओं ने पेयजल समस्या से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को हलाली बांध परियोजना के माध्यम से पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी ने जानकारी दी कि ईटखेड़ी समर्थन सीएलएफ से लगभग 4000 महिलाएं जुड़ी हैं, जिनमें से करीब 50 प्रतिशत महिलाएं लखपति दीदी बन रही हैं। ये महिलाएं पशुपालन, बैंक सखी, टैक्स कलेक्शन, सिलाई कढ़ाई सहित विभिन्न कार्यों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों को नर्सरी शिक्षा के रूप में विकसित करने की जानकारी देते हुए महिलाओं से बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी भेजने की अपील की। इस दौरान महिलाओं ने कलेक्टर को जरी जरदौजी का शॉल और जैविक फूलों का गुलदस्ता भेंट किया।गोलखेड़ी में गेहूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने ग्राम गोलखेड़ी स्थित मां संतोषी वेयरहाउस में संचालित गेहूं उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 37,407 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए पंजीयन कराया है और 92 केंद्रों पर खरीदी जारी है। अब तक 7,570 किसानों से लगभग 33,633 मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया जा चुका है।कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बीनापुर में मां की बगिया का भी निरीक्षण किया। दौरे के दौरान एसडीएम विनोद सोनकिया, जनपद सीईओ शिवानी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button